धरना खत्म होते ही कांग्रेस सेवा दल ने संभाली जिम्मेदारी

जंतर-मंतर पर घंटों में हटाया कचरा, नाज़िया दानिश बोलीं— आंदोलन के साथ सामाजिक दायित्व निभाना भी कांग्रेस की संस्कृति

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर सीजेपी (CJP) के धरना-प्रदर्शन के समापन के बाद कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन स्थल पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर जिम्मेदार राजनीति का संदेश दिया। कार्यकर्ताओं ने परिसर में फैले कचरे, प्लास्टिक, बैनर और अन्य सामग्री को एकत्र कर पूरे क्षेत्र की सफाई की, जिससे कुछ ही समय में प्रदर्शन स्थल फिर से स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आया।

दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने सेवा दल के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि आंदोलन लोकतंत्र की ताकत है, लेकिन उसके साथ सार्वजनिक संपत्ति और स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित, जनसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की राजनीति में विश्वास करती है तथा सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने अपने आचरण से इसका परिचय दिया है।

नाज़िया दानिश ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना हर नागरिक का कर्तव्य है। जंतर-मंतर पर सेवा दल द्वारा चलाया गया यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं था, बल्कि यह समाज को स्वच्छता, अनुशासन और नागरिक जिम्मेदारी का संदेश देने का भी प्रयास था।

अभियान में शामिल कार्यकर्ताओं ने लोगों से अपील की कि किसी भी सामाजिक, धार्मिक या राजनीतिक कार्यक्रम के बाद स्थल को साफ-सुथरा छोड़ना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। कांग्रेस सेवा दल ने कहा कि जनसेवा केवल आंदोलनों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन भी उसका अभिन्न हिस्सा है।

इस पहल को मौके पर मौजूद लोगों ने भी सराहा और इसे जिम्मेदार सार्वजनिक व्यवहार का सकारात्मक उदाहरण बताया।