नई दिल्ली। शाहदरा नॉर्थ जोन के चेयरमैन पंकज लूथरा ने आर.ए. गीता सह-शिक्षा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, शंकर नगर में आयोजित गणित-विज्ञान मेले में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए गणितीय एवं वैज्ञानिक मॉडल, नवाचार और रचनात्मक प्रस्तुतियों का अवलोकन किया तथा उनकी प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना की।

पंकज लूथरा ने कहा कि गणित और विज्ञान के क्षेत्र में विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच तथा नवाचार की क्षमता भारत के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। ऐसे आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ उन्हें नई खोज और अनुसंधान के लिए प्रेरित करते हैं।

उन्होंने मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। साथ ही विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकों और आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

पंकज लूथरा ने विश्वास व्यक्त किया कि आज के ये प्रतिभाशाली विद्यार्थी भविष्य में देश का नाम विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में विश्वभर में रोशन करेंगे।
