दिल्ली महिला आयोग की नई अध्यक्ष बनीं लता गुप्ता, भाजपा में खुशी की लहर

शाहदरा साउथ ज़ोन चेयरमैन यशपाल सिंह केंतुरा ने दी बधाई, कहा— महिलाओं के सशक्तिकरण को मिलेगी नई दिशा

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश की वरिष्ठ नेता लता गुप्ता को दिल्ली महिला आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए नगर निगम दिल्ली के शाहदरा साउथ ज़ोन के चेयरमैन यशपाल सिंह केंतुरा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार व्यक्त किया और लता गुप्ता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

यशपाल सिंह केंतुरा ने कहा कि लता गुप्ता लंबे समय से संगठन और समाज सेवा से जुड़ी रही हैं। उनके अनुभव, संवेदनशील नेतृत्व और महिलाओं के हितों के प्रति समर्पण से दिल्ली महिला आयोग को नई ऊर्जा और प्रभावी दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आयोग महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों की रक्षा और उनके सशक्तिकरण के लिए और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार महिलाओं के कल्याण और सुरक्षा के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। लता गुप्ता की नियुक्ति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय है, जिससे महिलाओं के हितों को और मजबूती मिलेगी।