रोहिणी के यूनिटी अपार्टमेंट में जनसंवाद, मौके पर समस्याएं सुनीं; अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में नेता सदन एवं स्थायी समिति के सदस्य जय भगवान यादव ने रविवार को रोहिणी सेक्टर-24 स्थित यूनिटी अपार्टमेंट, पॉकेट-23 में आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों, स्थानीय निवासियों और एमसीडी अधिकारियों के साथ जनसंवाद बैठक की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र का निरीक्षण कर लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के सख्त निर्देश दिए।

बैठक में सफाई व्यवस्था, पार्कों के रखरखाव, जल निकासी, सड़कों तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। जय भगवान यादव ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।

उन्होंने कहा कि जनसेवा, पारदर्शिता और त्वरित समाधान भाजपा शासित एमसीडी की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा नागरिकों की प्रत्येक समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा।इस अवसर पर जय भगवान यादव ने यूनिटी अपार्टमेंट आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष महेश गांधी, पदाधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों का आत्मीय स्वागत, सहयोग और सुझावों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
