कारगिल के शहीदों को नमन के साथ दिल्ली भाजपा ने सुना ‘मन की बात’, 6450 स्थानों पर हुआ कार्यक्रम

नई दिल्ली। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर दिल्ली भाजपा ने रविवार को प्रदेशभर में बड़े स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया। प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने प्रदेश कार्यालय में भाजपा नेताओं और सैकड़ों युवाओं के साथ कार्यक्रम सुनने के बाद कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ में कारगिल विजय दिवस पर देश के वीर सैनिकों और शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्रभक्ति, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के निर्माण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आईएनएस महेंद्रगिरि, पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट और कुशा मिसाइल के सफल परीक्षण का उल्लेख कर देश की बढ़ती रक्षा क्षमता और आत्मनिर्भरता को नई ताकत मिलने की बात कही।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘कैच द रेन’ अभियान के माध्यम से जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों के पुनर्जीवन का आह्वान किया। साथ ही पी.वी. सिंधु, भारतीय महिला क्रिकेट टीम और अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में भारतीय विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उल्लेख कर देश की प्रतिभाओं को सम्मान दिया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विक्रम-1 के सफल प्रक्षेपण, महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और ‘वेस्ट टू वेल्थ’ जैसी पहलों का उल्लेख कर प्रधानमंत्री ने नवाचार, आत्मनिर्भरता और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी ही विकसित भारत के निर्माण का सबसे मजबूत आधार बनेगी।

कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक राजन तिवारी ने बताया कि दिल्ली में लगभग 6450 स्थानों पर ‘मन की बात’ कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा सांसदों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय नागरिकों के साथ कार्यक्रम सुनकर प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।