मास्टर प्लान में बेगम विहार को शामिल कराने की मांग, आशीष सूद से मिले जय भगवान यादव
बेगमपुर वार्ड की प्रमुख समस्याओं पर हुई चर्चा, मंत्री ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में नेता सदन एवं स्थायी समिति सदस्य जय भगवान यादव ने शनिवार को दिल्ली सरकार के शहरी विकास, गृह, विद्युत, शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री आशीष सूद से शिष्टाचार भेंट कर बेगमपुर वार्ड-27 की प्रमुख जनसमस्याओं को उनके समक्ष रखा। इस दौरान बेगम विहार कॉलोनी-1049 से जुड़े मास्टर प्लान के महत्वपूर्ण मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई।
जय भगवान यादव ने मंत्री को अवगत कराया कि बेगम विहार कॉलोनी-1049 का एक बड़ा हिस्सा मास्टर प्लान की सीमा से बाहर होने के कारण हजारों स्थानीय निवासी विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने जनहित में इस विसंगति को शीघ्र दूर कर प्रभावित क्षेत्र को मास्टर प्लान में शामिल करने की मांग की।
बैठक में बेगमपुर वार्ड-27 की अन्य विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं तथा स्थानीय नागरिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जय भगवान यादव ने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार का सहयोग आवश्यक है और जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान होना चाहिए।
मंत्री आशीष सूद ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों पर सरकार संवेदनशील है और प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
जय भगवान यादव ने कहा कि बेगमपुर वार्ड-27 के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्र की हर समस्या के समाधान के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा तथा जनता के हितों की आवाज सरकार के समक्ष मजबूती से उठाई जाती रहेगी।
