दिल्ली में खतरनाक पेड़ों का ऑडिट कराए भाजपा सरकार, जनता की सुरक्षा से नहीं हो खिलवाड़ : नाज़िया दानिश

कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने कहा— हादसों के बाद नहीं, पहले जागे सरकार और एमसीडी

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने राजधानी में मानसून के दौरान जर्जर, पुराने और टूटने के खतरे वाले पेड़ों को लेकर भाजपा सरकार और नगर निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि समय रहते खतरनाक पेड़ों की पहचान, वैज्ञानिक ऑडिट और आवश्यक छंटाई नहीं होने से आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। 

नाज़िया दानिश ने कहा कि तेज बारिश और आंधी के दौरान कमजोर पेड़ों और भारी शाखाओं के गिरने से लोगों की जान, वाहन और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंच सकता है, लेकिन भाजपा सरकार और एमसीडी केवल हादसा होने के बाद ही सक्रिय होती हैं। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सरकार की पहली जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।

उन्होंने मांग की कि दिल्ली के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में स्थित पुराने और खतरनाक पेड़ों का तत्काल वैज्ञानिक ऑडिट कराया जाए तथा विशेषज्ञ टीमों की निगरानी में उनकी नियमित जांच, उपचार और आवश्यक छंटाई की जाए। जहां पेड़ पूरी तरह खतरनाक स्थिति में हों, वहां नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए।

नाज़िया दानिश ने कहा कि स्कूलों, अस्पतालों, पार्कों, फुटपाथों, बाजारों और घनी आबादी वाले इलाकों के आसपास स्थित पेड़ों की विशेष निगरानी की जानी चाहिए ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए और जनहानि हुई, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार और संबंधित विभागों की होगी।