बारिश में डूबी दिल्ली, भाजपा सरकार पूरी तरह विफल : नाज़िया दानिश
चार इंजन सरकार के बावजूद राजधानी में जलभराव, जनता जवाब मांग रही है
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने राजधानी में हुई बारिश के बाद व्यापक जलभराव पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि दिल्ली एक बार फिर कुछ घंटों की बारिश में पानी-पानी हो गई। सड़कें तालाब बन गईं, कॉलोनियां जलमग्न हो गईं और हजारों लोग घंटों ट्रैफिक जाम में फंसे रहे। आज भी कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण जलभराव और यातायात प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं।
नाज़िया दानिश ने कहा कि केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार, दिल्ली नगर निगम और उपराज्यपाल—चारों स्तर पर भाजपा होने के बावजूद राजधानी हर बारिश में डूब जाती है। भाजपा ने दिल्ली को जलभराव मुक्त बनाने के बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन हर मानसून में वे दावे खोखले साबित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि चार-चार इंजन होने के बाद भी दिल्ली की जलनिकासी व्यवस्था नहीं सुधर पा रही है, तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। दिल्ली की जनता जवाब चाहती है कि आखिर हर वर्ष करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद राजधानी को जलभराव से मुक्ति क्यों नहीं मिल रही।
नाज़िया दानिश ने मांग की कि जलभराव वाले सभी संवेदनशील क्षेत्रों की तत्काल समीक्षा कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि हर बरसात में दिल्लीवासियों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
