नई दिल्ली, 30 जुलाई। दिल्ली नगर निगम में नेता सदन एवं स्थायी समिति सदस्य जय भगवान यादव ने बेगमपुर वार्ड-27 के अंतर्गत रोहिणी सेक्टर-24, पॉकेट-26 में नई गलियों एवं सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

जय भगवान यादव ने कहा कि बेगमपुर वार्ड और रोहिणी सेक्टर-24 में विकास कार्य लगातार गति पकड़ रहे हैं। क्षेत्र में पार्कों का सौंदर्यीकरण, रनिंग ट्रैक, ओपन जिम, पेड़ों की छंटाई, नई गलियों एवं सड़कों का निर्माण, पार्किंग व्यवस्था और स्वच्छता से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सांसद योगेंद्र चंदोलिया के प्रयासों से सेक्टर-23, 24 और 25 में स्वीकृत विकास योजनाओं के तहत फुटपाथों तथा 20 और 28 मीटर चौड़ी प्रमुख सड़कों का निर्माण भी तेजी से जारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सहयोग और सांसद योगेंद्र चंदोलिया के मार्गदर्शन में बेगमपुर वार्ड को आधुनिक एवं सुविधासंपन्न बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में पॉकेट अध्यक्ष उषा, भूपेंद्र शर्मा, राकेश, आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी तथा स्थानीय नागरिकों ने विकास कार्यों का स्वागत करते हुए निगम का आभार व्यक्त किया। जय भगवान यादव ने कहा कि जनसहयोग और जनविश्वास के बल पर क्षेत्र के समग्र विकास का अभियान आगे भी इसी गति से जारी रहेगा।
