चेयरमैन धर्मबीर सिंह ने दिखाई मेगा स्वच्छता अभियान को हरी झंडी
दक्षिणी जोन से बाइक रैली के साथ दो माह के विशेष सफाई अभियान का शुभारंभ
नई दिल्ली, 1 अगस्त। दिल्ली नगर निगम के दक्षिणी जोन में शनिवार को चेयरमैन धर्मबीर सिंह के नेतृत्व में दो माह के मेगा स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की गई। यह विशेष अभियान 1 अगस्त से शुरू होकर अगले दो महीनों तक पूरे दक्षिणी जोन सहित राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा।

चेयरमैन धर्मबीर सिंह ने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ और हरित दिल्ली का निर्माण तभी संभव है, जब नगर निगम और आम नागरिक मिलकर स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दें। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालें, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखें तथा नगर निगम के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान नालों की सफाई, कूड़ा उठान, सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई तथा स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। नगर निगम का लक्ष्य राजधानी में बेहतर सफाई व्यवस्था स्थापित कर नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है।
बाइक रैली में निगम अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वच्छता कर्मियों ने भाग लेकर स्वच्छ दिल्ली का संदेश दिया।
