MCD में 187 नई नियुक्तियां, नेता सदन जय भगवान यादव ने कहा—स्वस्थ दिल्ली के लिए मानव संसाधन और तकनीक दोनों जरूरी
1,500 निगम स्कूलों में लागू होगा S.H.S. वेब पोर्टल; 49 नियुक्तियों में 31 महिलाएं, महिला सशक्तीकरण को मिला बढ़ावा
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और निगम स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों बच्चों के स्वास्थ्य की डिजिटल निगरानी की दिशा में शनिवार को बड़ा कदम उठाया गया। सिविक सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ नेता सदन जय भगवान यादव ने हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन विभाग के 187 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसी अवसर पर निगम के करीब 1,500 विद्यालयों में पढ़ने वाले 6 लाख विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच के लिए S.H.S. वेब पोर्टल का शुभारंभ किया गया।
नेता सदन जय भगवान यादव ने कहा कि नए मानव संसाधन के साथ मजबूत होती स्वास्थ्य व्यवस्था और तकनीक के साथ स्मार्ट होती जनसेवा ही स्वस्थ और सशक्त दिल्ली की दिशा है। उन्होंने कहा कि निगम सीधे दिल्ली के लाखों नागरिकों और बच्चों से जुड़ा हुआ है। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं में पर्याप्त स्टाफ के साथ आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल समय की जरूरत है।
डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड से होगी पूरी निगरानी
S.H.S. वेब पोर्टल के जरिए विद्यार्थियों के डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, रियल-टाइम स्वास्थ्य जांच की एंट्री और रेफरल ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति का रिकॉर्ड व्यवस्थित तरीके से तैयार किया जा सकेगा और जरूरत पड़ने पर उन्हें आगे की चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर करने तथा उस रेफरल की स्थिति पर नजर रखने में भी मदद मिलेगी।
187 नियुक्तियों से स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती
कार्यक्रम में डीएसएसएसबी के माध्यम से नियुक्त 49 अभ्यर्थियों में 31 महिलाएं शामिल हैं। जय भगवान यादव ने इसे स्वास्थ्य सेवाओं में महिला भागीदारी और महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि निगम में नए कर्मचारियों के आने से स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता बढ़ेगी और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
‘नौकरी नहीं, जनता की सेवा का अवसर’
नेता सदन ने सभी नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि निगम में नियुक्ति केवल रोजगार पाने का माध्यम नहीं है, बल्कि दिल्लीवासियों की सेवा करने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कर्मचारियों से ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक तरफ नए मानव संसाधन को जोड़ा जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ तकनीक के जरिए सेवाओं को पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा रहा है। इसका सबसे बड़ा लाभ दिल्ली के नागरिकों और निगम स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को मिलेगा।
