कांवड़ शिविरों, धार्मिक पंडालों और प्रमुख मार्गों पर सफाई व मच्छररोधी दवा छिड़काव के निर्देश

सावन में स्वच्छता को लेकर शाहदरा नॉर्थ जोन की बैठक

नई दिल्ली। सावन के पवित्र माह और कांवड़ यात्रा को देखते हुए शाहदरा नॉर्थ जोन की जोनल कमेटी की बैठक में क्षेत्र की स्वच्छता, सफाई व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में जोन के चेयरमैन पंकज लूथरा, डिप्टी चेयरमैन एवं निगम पार्षद बृजेश सिंह, डीसी कनिका सहित निगम पार्षदों और संबंधित अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में कांवड़ शिविरों, धार्मिक पंडालों के आसपास तथा प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मच्छरों की रोकथाम के लिए नियमित रूप से दवा का छिड़काव कराने और संवेदनशील क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

नियम तोड़ने वाली मांस-मछली दुकानों पर सख्ती

बैठक में क्षेत्र में नियमों के विरुद्ध संचालित होने वाली मांस एवं मछली की दुकानों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित दुकान को सील किया जाए।

श्रद्धालुओं को मिले स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण

डिप्टी चेयरमैन बृजेश सिंह ने कहा कि सावन के पावन माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक स्थलों और कांवड़ शिविरों में पहुंचते हैं। ऐसे में निगम की जिम्मेदारी है कि उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित और स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।