घोटाले’ के आरोपों पर भाजपा का पलटवार: ‘आप’ माफी मांगे, वरना कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहे!

सिरसा की सख्त चेतावनी के बाद भाजपा का सौरभ भारद्वाज और संजीव झा पर सीधा हमला—प्रवीण शंकर कपूर बोले, राजनीतिक हताशा में मर्यादा भूल चुकी है आम आदमी पार्टी

नई दिल्ली, 9 अगस्त। दिल्ली की राजनीति में भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच टकराव रविवार को और तेज हो गया। दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की सौरभ भारद्वाज और संजीव झा को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी के बाद दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने ‘आप’ पर जोरदार पलटवार किया। कपूर ने कहा कि अरविंद केजरीवाल से लेकर सौरभ भारद्वाज तक पूरी आम आदमी पार्टी राजनीतिक हताशा में अनर्गल बयानबाजी कर केवल सुर्खियों में बने रहने की कोशिश कर रही है।

‘घोटाला नहीं हुआ, आरोप लगाना बंद करें’

कपूर ने कहा कि दिल्ली सरकार में कोई घोटाला नहीं हुआ है। उन्होंने मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के बयान का हवाला देते हुए कहा कि सौरभ भारद्वाज और विधायक संजीव झा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए दिल्ली सरकार पर झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाने का प्रयास किया है।सिरसा ने दोनों नेताओं को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि वे झूठ और फरेब की राजनीति बंद कर माफी मांगें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें।

भाजपा का वार—‘आप’ की राजनीतिक जमीन खिसकी

प्रवीण शंकर कपूर ने आरोप लगाया कि दिल्ली में भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और महिलाओं के लिए लागू की जा रही योजनाओं से आम आदमी पार्टी की राजनीतिक स्थिति कमजोर हुई है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आगामी चुनावों को लेकर सामने आ रहे सर्वेक्षणों के बाद ‘आप’ नेतृत्व की बेचैनी बढ़ गई है और इसी हताशा में पार्टी नेता सरकार पर लगातार आरोप लगा रहे हैं।कपूर ने कहा कि अरविंद केजरीवाल से लेकर ‘आप’ के स्थानीय नेताओं तक की राजनीतिक भाषा में मर्यादा लगातार खत्म होती जा रही है। उनके मुताबिक अब जनता आरोपों की राजनीति से प्रभावित होने वाली नहीं है।

सौरभ भारद्वाज-संजीव झा को खुली चुनौती

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यदि ‘आप’ नेताओं के पास दिल्ली सरकार के खिलाफ लगाए गए आरोपों के पुख्ता तथ्य और प्रमाण हैं तो उन्हें सार्वजनिक रूप से सामने रखना चाहिए। केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस और बयानबाजी से सरकार को बदनाम करने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा कि आरोप लगाना है तो प्रमाण दीजिए, नहीं तो माफी मांगिए—अब बेबुनियाद आरोपों पर कानूनी जवाब दिया जाएगा।

केजरीवाल से भारद्वाज तक भाजपा का सीधा निशाना

कपूर ने अरविंद केजरीवाल से लेकर सौरभ भारद्वाज तक पूरी आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा और दिल्ली सरकार के खिलाफ झूठे आरोप लगाने की राजनीति ज्यादा दिन नहीं चलेगी।उन्होंने कहा कि बेहतर होगा कि ‘आप’ नेता भाजपा और दिल्ली सरकार से माफी मांगें, अन्यथा दिल्ली, पंजाब और देशभर की जनता उन्हें राजनीतिक सबक सिखाएगी।