निगम स्कूलों में अब ‘खेल-खेल में पढ़ाई’, प्रशांत विहार में बाल वाटिका का शुभारंभ

महापौर प्रवेश वाही ने किया उद्घाटन, स्मार्ट टीवी और आधुनिक खिलौनों से सुसज्जित होगी नौनिहालों की पाठशाला

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में पढ़ने वाले नौनिहालों को आधुनिक और आनंददायक तरीके से शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए महापौर प्रवेश वाही ने मंगलवार को प्रशांत विहार बी-ब्लॉक स्थित निगम प्रतिभा विद्यालय में बाल वाटिका का उद्घाटन किया। अत्याधुनिक दृश्य-श्रव्य संसाधनों, स्मार्ट टीवी और विभिन्न खेल-खिलौनों से सुसज्जित यह बाल वाटिका बच्चों के लिए खेल-खेल में सीखने का नया माध्यम बनेगी।

उद्घाटन के अवसर पर उत्तर-पश्चिम क्षेत्र की उपनिदेशक शिक्षा राजकुमारी, विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षकगण और अभिभावक मौजूद रहे।महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम अपने विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शुरुआती शिक्षा को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए बाल वाटिका जैसी सुविधाएं महत्वपूर्ण हैं। इससे नौनिहालों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल और गतिविधियों के माध्यम से सीखने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

कचरे से खाद बनाने की तकनीक को बढ़ावा

महापौर प्रवेश वाही ने इसके साथ ही रोहिणी सेक्टर-9 में एरोबिन का भी लोकार्पण किया। संपूर्णा एनजीओ के सहयोग से स्थापित एरोबिन के माध्यम से गीले कचरे के निस्तारण को स्रोत पर ही आसान बनाने का प्रयास किया गया है। इस अवसर पर संपूर्णा की अध्यक्षा शोभा विजेंदर भी उपस्थित रहीं।महापौर ने बताया कि एक एरोबिन में एक बार में करीब 10 किलो गीले कचरे को बायो-कल्चर की मदद से कंपोस्ट खाद में परिवर्तित किया जा सकता है। इससे घरों और स्थानीय स्तर पर गीले कचरे के पृथक्करण तथा निस्तारण को बढ़ावा मिलेगा और कचरे को सीधे डंपिंग स्थलों तक पहुंचाने की जरूरत भी कम होगी।

उन्होंने कहा कि कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण और निस्तारण स्वच्छ शहर की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।‘स्वच्छ और हरित दिल्ली’ में निगम की भागीदारी

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली नगर निगम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के साथ गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण करें तथा दिल्ली को स्वच्छ एवं हरित बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदार बनें।