रंजीत नगर में सीवर ओवरफ्लो और जलभराव से लोग परेशान
नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने जल बोर्ड मंत्री और सीईओ को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की
नई दिल्ली। पश्चिम पटेल नगर के वार्ड नंबर 87 स्थित रंजीत नगर में सीवर ओवरफ्लो, खुले गटर और जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने आवाज उठाई है। उन्होंने दिल्ली जल बोर्ड के मंत्री प्रवेश वर्मा एवं जल बोर्ड के सीईओ को पत्र लिखकर क्षेत्र की समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की है।
अंकुश नारंग ने कहा कि रंजीत नगर में सीवर ओवरफ्लो और खुले गटर के कारण गंदा पानी सड़कों पर जमा है। इससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है और स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य संबंधी गंभीर जोखिम का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने पत्र में तत्काल सीवर सफाई कराने, खुले गटरों को बंद करने, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने और समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि केवल अस्थायी सफाई से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि सीवर व्यवस्था की खामियों को दूर कर स्थायी व्यवस्था विकसित करनी होगी।
अंकुश नारंग ने दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारियों की लापरवाही के कारण क्षेत्रवासियों को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने जल बोर्ड से मांग की कि मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर तत्काल कार्रवाई कराई जाए, ताकि रंजीत नगर के लोगों को सीवर ओवरफ्लो, खुले गटर और जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
