नई दिल्ली, 19 अगस्त। दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने डीडीए सलाहकार परिषद के लिए निगम के चार प्रतिनिधियों के चुनाव का विरोध करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
नाज़िया दानिश ने कहा कि डीडीए सलाहकार परिषद के लिए चार प्रतिनिधियों का चयन लकी ड्रा के माध्यम से आसानी से किया जा सकता था, लेकिन भाजपा अपने और आम आदमी पार्टी को राजनीतिक फायदा पहुंचाने के लिए चुनाव करा रही है। उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया बेहद शर्मनाक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आम आदमी पार्टी आपसी राजनीतिक लाभ के लिए निगम की व्यवस्था का इस्तेमाल कर रही हैं। नाज़िया दानिश ने कहा कि जब चार प्रतिनिधियों का चयन बिना किसी चुनावी प्रक्रिया के किया जा सकता था, तो निगम में अनावश्यक चुनाव कराने का कोई औचित्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि डीडीए सलाहकार परिषद जैसे महत्वपूर्ण निकाय में प्रतिनिधियों का चयन पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से होना चाहिए, न कि राजनीतिक फायदे को ध्यान में रखकर।
