सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी से आप सरकार का भ्रष्टाचार उजागर : देवेंद्र यादव

दिल्ली जल बोर्ड के एसटीपी टेंडर में अनियमितताओं का आरोप, कांग्रेस ने केजरीवाल सरकार के 10 साल के शासन पर उठाए सवाल

नई दिल्ली, 19 अगस्त। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) उन्नयन से जुड़े कथित टेंडर घोटाले में आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की एसीबी द्वारा गिरफ्तारी को लेकर आप सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जैन की गिरफ्तारी ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार के दौरान हुए कथित भ्रष्टाचार को एक बार फिर कठघरे में खड़ा कर दिया है।

देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में 10 वर्षों से अधिक के शासन के दौरान सरकार के किसी भी विभाग को नहीं बख्शा और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड के एसटीपी टेंडर में परियोजना की राशि बढ़ाने, निविदा शर्तों में कथित हेरफेर और आपराधिक साजिश के आरोप सामने आए हैं। जांच से जुड़े पूर्व रिकॉर्ड के अनुसार चार एसटीपी टेंडरों की शुरुआती लागत करीब 1,546 करोड़ रुपये थी, जिसे बढ़ाकर लगभग 1,943 करोड़ रुपये किया गया था।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सतर्कता निदेशालय की शिकायत के आधार पर हुई जांच में दिल्ली जल बोर्ड की निविदा प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि मामले में सत्येंद्र जैन के अलावा दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व सीईओ उदित प्रकाश राय समेत अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आई है।

देवेंद्र यादव ने कहा कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन ने ईमानदारी, पारदर्शिता और सुशासन का वादा कर दिल्ली की सत्ता हासिल की थी, लेकिन बाद में उन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे। उन्होंने कहा कि शराब नीति मामले में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी तथा अब सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी ने आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार के दावों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार के कार्यकाल में दिल्ली जल बोर्ड की वित्तीय स्थिति लगातार खराब हुई और बोर्ड पर कर्ज तथा लंबित देनदारियों का बोझ बढ़ा। यादव ने मुफ्त पानी और मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं की आड़ में सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि सत्येंद्र जैन को पंजाब में आम आदमी पार्टी का सह-प्रभारी बनाए जाने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई का समय भी कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने चुनावी राजनीति के लिए सरकारी संसाधनों और करदाताओं के पैसे का दुरुपयोग किया।

देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री आवास के कथित ‘शीश महल’ निर्माण पर भी हमला बोला और आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने जनता के पैसे का दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में शराब नीति के जरिए युवाओं को प्रभावित करने वाली नीति लागू की गई और रिहायशी इलाकों, स्कूलों तथा धार्मिक स्थलों के आसपास शराब के ठेकों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठे।

उन्होंने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा में सीएजी रिपोर्ट पेश किए जाने के बावजूद कथित अनियमितताओं के दोषियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। यादव ने सवाल उठाया कि कहीं भाजपा सरकार अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के जरिए आम आदमी पार्टी के बड़े भ्रष्टाचार के मुद्दों को दबाने की कोशिश तो नहीं कर रही है।उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता को राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहिए।