जनता की समस्या का समाधान हमारी प्राथमिकता : जय भगवान यादव
बेगमपुर वार्ड-27 में जनसंवाद, सीवर-जल निकासी और विकास कार्यों का लिया जायजा
नीरज अवस्थी नई दिल्ली। बेगमपुर वार्ड-27 में जनसमस्याओं के समाधान को लेकर नेता सदन मास्टर जय भगवान यादव ने रविवार को बेगम विहार और माखन हलवाई रोड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीवर, जल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था और जल निकासी से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। जय भगवान यादव ने सीवर, जल बोर्ड, एमसीडी सफाई विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके साथ ही उन्होंने राजीव नगर एक्सटेंशन और एन ब्लॉक में विजय प्रधान के साथ चल रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। निर्माणाधीन गलियों और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए स्थानीय लोगों से बातचीत की गई। लोगों की शिकायतों और सुझावों के आधार पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जय भगवान यादव ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे सीधे उनसे संपर्क करें, ताकि संबंधित विभागों के माध्यम से उसका समाधान कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि बेगमपुर वार्ड-27 में विकास कार्यों की गति बनाए रखने के साथ-साथ सफाई, सीवर, पानी और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता है।
