भलस्वा लैंडफिल पर मेयर प्रवेश वाही का सख्त रुख, कचरा निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश

लैंडफिल की भूमि जल्द खाली कर रीक्लेमेशन सुनिश्चित करने पर जोर, अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के मेयर प्रवेश वाही ने शनिवार को भलस्वा लैंडफिल साइट का दौरा कर वहां चल रहे कचरे के निस्तारण और सफाई कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और कचरे के निस्तारण की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए।

मेयर ने अधिकारियों से कहा कि लैंडफिल साइट पर चल रहे कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। लक्ष्य यह होना चाहिए कि भलस्वा की कचरे से भरी जमीन को जल्द से जल्द साफ कर उसका रीक्लेमेशन सुनिश्चित किया जाए, ताकि इस भूमि का भविष्य में उपयोग किया जा सके।

उन्होंने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और कचरा-मुक्त बनाने के लिए निगम लगातार काम कर रहा है। लैंडफिल साइटों से पुराने कचरे का निस्तारण इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसके लिए जमीनी स्तर पर काम की गति बढ़ाना जरूरी है।

मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सफाई और कचरा निस्तारण के दौरान निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा पूरे अभियान की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि कचरे के पहाड़ कम करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि खाली हुई भूमि को पूरी तरह साफ कर उसे दोबारा उपयोग योग्य बनाना भी निगम की प्राथमिकता है।

 

मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि निगम का संकल्प “स्वच्छ, सुंदर और कचरा-मुक्त दिल्ली” है और इसी लक्ष्य को लेकर लैंडफिल साइटों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।