रेखा गुप्ता का संदेश—निगम में नई कमान, अब दिल्ली के विकास को मिलेगी रफ्तार
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अध्यक्षों-उपाध्यक्षों को दी बधाई; स्वच्छता, जनसुविधाओं और स्थानीय सेवाओं को प्राथमिकता देने का आह्वान
नई दिल्ली, 4 सितंबर। दिल्ली नगर निगम की विभिन्न महत्वपूर्ण समितियों के नवनियुक्त अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नई जिम्मेदारियों के लिए हार्दिक बधाई एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि निगम की नई टीम दिल्ली के विकास और जनहित के कार्यों को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि दिल्ली सरकार के विकास और जनहित के एजेंडे को नगर निगम के स्तर पर मजबूत समन्वय के साथ आगे बढ़ाया जाए। स्वच्छता, नागरिक सुविधाएं, स्थानीय सेवाएं और विकास कार्य ऐसी प्राथमिकताएं हों, जिनका सीधा असर हर दिल्लीवासी को दिखाई दे।
नवनियुक्त अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों से मुलाकात के दौरान कहा गया कि नई जिम्मेदारियों के साथ जनता की अपेक्षाएं भी बढ़ी हैं। इसलिए निगम समितियों को सक्रिय भूमिका निभाते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान, विकास कार्यों में तेजी और निगम सेवाओं में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में काम करना होगा।संदेश साफ रहा कि निगम की समितियां केवल बैठकों और प्रस्तावों तक सीमित न रहें, बल्कि दिल्ली की गलियों, कॉलोनियों, बाजारों और स्थानीय क्षेत्रों में बदलाव की प्रभावी कड़ी बनें। जनहित के कामों का असर जमीन पर दिखे और नागरिक सुविधाओं में लगातार सुधार हो, यही प्राथमिक लक्ष्य होना चाहिए।
इस अवसर पर दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही, उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत सहित निगम के अन्य पदाधिकारी तथा विभिन्न समितियों के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष उपस्थित रहे।
नई टीम के सामने बड़ी जिम्मेदारी
निगम समितियों में नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद अब फोकस स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने, नागरिक सुविधाओं में सुधार लाने और स्थानीय विकास कार्यों को गति देने पर रहेगा। मुख्यमंत्री की ओर से मिले शुभकामना संदेश के साथ नवनियुक्त पदाधिकारियों के सामने बेहतर काम और बेहतर परिणाम देने की चुनौती भी स्पष्ट है।
सरकार और निगम के बेहतर तालमेल से दिल्ली के विकास को गति देने तथा जनहित के कार्यों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प इस मुलाकात का प्रमुख संदेश रहा।
