निगम स्कूलों के बच्चों को खेलों में नई उड़ान, शुरू होगी एमसीडी मिनी लीग
अंडर-9 और अंडर-11 खिलाड़ियों की होगी प्रतिभा की डिजिटल पहचान, फुटबॉल-क्रिकेट लीग से तैयार होगा जमीनी स्तर का स्पोर्ट्स टैलेंट पूल
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निगम शिक्षा विभाग ने ‘एमसीडी मिनी लीग’ शुरू करने की पहल की है। इस योजना के तहत अंडर-9 और अंडर-11 आयु वर्ग के बच्चों को क्लब आधारित खेल व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। फुटबॉल और क्रिकेट की चरणबद्ध लीग के माध्यम से बच्चों की खेल प्रतिभा और शारीरिक क्षमता की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएंगे।
एमसीडी की यह पहल राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को शुरुआती उम्र में पहचानने और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने के उद्देश्य से खेलो भारत नीति 2025 और ओलंपिक विजन 2036 जैसे लक्ष्यों के अनुरूप तैयार की गई है। योजना में खेलों को केवल प्रतियोगिता तक सीमित रखने के बजाय खिलाड़ियों की प्रतिभा का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार करने पर जोर दिया गया है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज होगा हर खिलाड़ी का प्रदर्शन
मिनी लीग के संचालन के लिए डिजिटल स्पोर्ट्स मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों का पंजीकरण, मैचों का शेड्यूल, प्रदर्शन, शारीरिक फिटनेस और प्रतिभा से जुड़े आंकड़े दर्ज किए जाएंगे। इससे प्रत्येक खिलाड़ी की प्रगति का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा और भविष्य में उसके खेल विकास की दिशा तय करने में मदद मिलेगी।
अंडर-9 और अंडर-11 वर्ग में फुटबॉल और क्रिकेट की लीग आयोजित की जाएगी। बच्चों की फिजिकल फिटनेस का मूल्यांकन, मैच एनालिटिक्स और डिजिटल प्रमाणपत्र भी व्यवस्था का हिस्सा होंगे।
निगम स्कूलों के शिक्षक बनेंगे स्थानीय कोच
योजना में निगम स्कूलों के शारीरिक शिक्षा शिक्षकों (PET) और नोडल शिक्षकों को स्थानीय कोच और तकनीकी सहायक के रूप में जोड़े जाने का प्रावधान है। इससे स्कूल स्तर पर ही खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें नियमित प्रशिक्षण देने का मजबूत तंत्र तैयार किया जा सकेगा।
एमसीडी के उपलब्ध खेल मैदानों का उपयोग लीग के लिए किया जाएगा। वहीं, खेल किट, उपकरण और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति जैसी जरूरतों के लिए CSR के माध्यम से वित्तीय सहयोग जुटाया जाएगा।
1,400 से अधिक निगम विद्यार्थी दिखाएंगे दम
एमसीडी के अनुसार, इस पहल के माध्यम से 1,400 से अधिक निगम स्कूलों के विद्यार्थी दिल्ली-एनसीआर की शीर्ष खेल अकादमियों के 4,500 से अधिक विद्यार्थियों के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगे। इससे निगम स्कूलों के बच्चों को बड़े स्तर पर प्रतियोगी खेलों का अनुभव मिलेगा और उनकी प्रतिभा को पहचानने का अवसर बढ़ेगा।
बिना अतिरिक्त खर्च के खेलों का बड़ा नेटवर्क
एमसीडी शिक्षा विभाग और Sports Infrastructure & Talent Development Society (SITDS) के बीच सहयोग से मिनी लीग को आगे बढ़ाया जाएगा। इस साझेदारी में एमसीडी अपने स्कूलों और खेल मैदानों जैसी मौजूदा सुविधाओं का इस्तेमाल करेगी, जबकि SITDS खेल प्रतियोगिताओं के संचालन, प्रतिभा प्रोफाइलिंग, डिजिटल प्लेटफॉर्म और CSR आधारित संसाधन जुटाने में सहयोग करेगी। ईस पहल का लक्ष्य निगम स्कूलों में ऐसा स्थायी जमीनी खेल तंत्र विकसित करना है, जिसमें बच्चों को कम उम्र से ही खेलों से जोड़ा जाए, उनकी प्रतिभा का वैज्ञानिक एवं डिजिटल रिकॉर्ड तैयार हो और बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे की प्रतियोगिताओं तथा प्रशिक्षण के अवसर मिल सकें।
एमसीडी मिनी लीग के जरिए निगम स्कूलों के खेल मैदानों को केवल गतिविधियों की जगह न रखकर भविष्य के खिलाड़ियों की नर्सरी के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है
