सत्य निकेतन हादसे के दोषी बख्शे नहीं जाएंगे : मेयर प्रवेश वाही
चार मंजिल से अधिक के सभी अवैध निर्माण तत्काल सील होंगे, लापरवाह अधिकारियों की होगी बर्खास्तगी
नई दिल्ली, 6 सितंबर। सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत गिरने की दर्दनाक घटना के बाद दिल्ली नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। मेयर प्रवेश वाही ने स्पष्ट आदेश दिया है कि हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
मेयर ने कहा कि चार मंजिल से अधिक वाले सभी अवैध निर्माणों को तत्काल प्रभाव से सील किया जाएगा। इसके साथ ही जिन अधिकारियों या अभियंताओं की लापरवाही अथवा मिलीभगत सामने आएगी, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और दोषी अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त किया जाएगा।
प्रवेश वाही ने कहा कि ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएंगे। निगम प्रशासन को अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए गए हैं।
सत्य निकेतन हादसे में राहत एवं बचाव कार्य के बीच मेयर के इस कड़े रुख को निगम की निर्माण गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
