सत्य निकेतन हादसे पर ABVP का MCD के खिलाफ हल्लाबोल
सिविक सेंटर का गेट तोड़कर MCD मुख्यालय में घुसे कार्यकर्ता, धरने पर बैठे; कमिश्नर के इस्तीफे की मांग, PG भवनों के सुरक्षा ऑडिट की उठी आवाज
नई दिल्ली। सत्य निकेतन में पांच मंजिला PG इमारत गिरने से हुई मौतों के बाद दिल्ली में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने रविवार को दिल्ली नगर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता MCD परिसर में प्रवेश कर धरने पर बैठ गए और निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार प्रदर्शन के दौरान परिसर में तोड़फोड़ भी हुई और पुलिस ने करीब 15 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

‘जवाबदेही तय करो, कमिश्नर इस्तीफा दें’
ABVP ने सत्य निकेतन हादसे को प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर मामला बताते हुए MCD कमिश्नर के इस्तीफे की मांग की। संगठन का कहना है कि दिल्ली विश्वविद्यालय और राजधानी के अन्य शिक्षण संस्थानों में देशभर से विद्यार्थी पढ़ने आते हैं तथा बड़ी संख्या में छात्र PG और किराये के भवनों में रहते हैं। ऐसे में इन भवनों की संरचनात्मक मजबूती, अग्नि सुरक्षा और अन्य अनिवार्य मानकों की नियमित जांच प्रशासन की जिम्मेदारी है।
सभी छात्र इलाकों के PG का हो सुरक्षा ऑडिट
ABVP ने मांग की कि सत्य निकेतन हादसे की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। दोषी PG संचालकों के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की भी जवाबदेही तय हो। संगठन ने दिल्ली के सभी छात्र-बहुल इलाकों में चल रहे PG और किराये के भवनों का तत्काल संरचनात्मक एवं सुरक्षा ऑडिट कराने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाली इमारतों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

वीरेंद्र सिंह सोलंकी का सीधा हमला
ABVP के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि सत्य निकेतन की घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने हादसे की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई और पीड़ित विद्यार्थियों को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए तथा दिल्ली नगर निगम के कमिश्नर को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
