मेयर के आदेश पर साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार सस्पेंड

सत्य निकेतन हादसे के बाद मेयर का बड़ा एक्शन!

तत्काल प्रभाव से निलंबन—MCD विजिलेंस ने जारी किया आदेश, हादसे के बाद जिम्मेदारी तय करने की कार्रवाई तेज

नई दिल्ली, 7 सितंबर। सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम में जवाबदेही पर बड़ा प्रहार हुआ है। मेयर के आदेश पर साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

एमसीडी विजिलेंस विभाग की ओर से 7 सितंबर को जारी कार्यालय आदेश में राकेश कुमार, डिप्टी कमिश्नर, साउथ जोन को DMC Services (Control & Appeal) Regulations, 1959 तथा अन्य लागू नियमों के तहत सस्पेंड किए जाने की जानकारी दी गई है।

हादसे के बाद निगम का पहला बड़ा वार

सत्य निकेतन में पांच मंजिला पीजी इमारत गिरने की घटना के बाद भवन सुरक्षा, अवैध निर्माण और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं। इसी बीच साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर पर हुई तत्काल कार्रवाई ने एमसीडी के भीतर जवाबदेही तय करने का संदेश साफ कर दिया है।निलंबन आदेश के अनुसार राकेश कुमार को निलंबन अवधि में नियमानुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

अब जांच के दायरे में कौन?

डिप्टी कमिश्नर के निलंबन के बाद अब निगाहें उन अधिकारियों और अभियंताओं पर हैं, जिनकी भूमिका सत्य निकेतन हादसे की जांच में सामने आ सकती है। मेयर के इस एक्शन के बाद निगम के जिम्मेदार अधिकारियों में भी हड़कंप की स्थिति है।