दिल्ली में अवैध निर्माण पर सख्ती, चार मंजिल से ऊपर बनी अनाधिकृत इमारतों पर होगी कार्रवाई: डॉ. अनिल गोयल
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के डीडीसी चेयरमैन एवं कृष्णा नगर विधायक डॉ. अनिल गोयल ने मंगलवार को गीता कॉलोनी स्थित डीडीसी चेयरमैन कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजधानी में अवैध निर्माण के खिलाफ बड़े अभियान का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवाहन और निर्देश पर आवासीय इलाकों में चार मंजिल से ऊपर बने अनाधिकृत मकानों ,निर्माणों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. गोयल ने बताया कि हाल ही में दिल्ली में एक इमारत गिरने की घटना में कई छात्रों की जान जाने पर दुख ,संवेदना व्यक्त कि और कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी ने राजधानी में भवन निर्माण को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने और अवैध रूप से बनाई जा रही पांचवीं मंजिल को हटाने के लिए व्यापक रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
जनता और मीडिया से सहयोग की अपील
डॉ. अनिल गोयल ने पूर्वी दिल्ली की जनता और मीडिया से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के संज्ञान में चार मंजिल से ऊपर बना कोई अनाधिकृत भवन, अवैध निर्माण कार्य आता है, तो उसकी जानकारी संबंधित कार्यालय, विधायक या डीडीसी चेयरमैन को ईमेल के माध्यम से भेजी जा सकती है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना मिलते ही संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे और लोगों को शीघ्र ही मौके पर प्रशासनिक कार्रवाई देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार केवल शिकायतें लेने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हर सूचना पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सुरक्षा को मिलेगी प्राथमिकता
डॉ. गोयल ने कहा कि अवैध निर्माण केवल कानून का उल्लंघन नहीं है, बल्कि यह लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। उन्होंने कहा कि कमजोर निर्माण सामग्री, मानकों की अनदेखी और बिना अनुमति अतिरिक्त मंजिलें खड़ी करने की प्रवृत्ति कई बार बड़े हादसों का कारण बनती है। इसलिए सरकार की प्राथमिकता ऐसे निर्माणों पर समय रहते रोक लगाना है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में भवन निर्माण नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
जल्द दिखेगा सरकार का रोडमैप
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. गोयल ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में तैयार किया जा रहा रोडमैप जल्द ही जनता के सामने आएगा। इसके तहत अवैध निर्माणों की पहचान, निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करना और नियमों के उल्लंघन पर त्वरित कार्रवाई जैसे प्रावधान शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना और राजधानी में भवन निर्माण व्यवस्था को पूरी तरह नियमों के अनुरूप बनाना है।
अवैध निर्माण पर सख्त संदेश
डॉ. अनिल गोयल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब अवैध निर्माण करने वालों के लिए कोई ढील नहीं होगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार किसी भी ऐसे निर्माण को बर्दाश्त नहीं करेगी जो लोगों की जान को खतरे में डालता हो।
उन्होंने अंत में जनता से अपील करते हुए कहा कि दिल्ली को सुरक्षित बनाने के इस अभियान में प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए और किसी भी पाँचवे मंजिल निर्माण की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाकर इस मुहिम का हिस्सा बने।
