भाजपा की अंदरूनी कलह अब मंच के बैकड्रॉप तक पहुंची: अंकुश नारंग

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की तस्वीर गायब कर मेयर प्रवेश वाही की तस्वीर लगाने पर नेता प्रतिपक्ष का तंज—‘चार इंजन मॉडल में इंजन ही आपस में टकरा रहे’

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में भाजपा की अंदरूनी खींचतान अब विकास कार्यों से निकलकर मंच के बैकड्रॉप तक पहुंच गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निगम मुख्यालय पहुंचकर कार्यक्रम में वाहनों को हरी झंडी दिखाने से पहले ही मंच के पीछे लगे बैनर में मुख्यमंत्री की तस्वीर गायब होने और उसकी जगह महापौर प्रवेश वाही की तस्वीर लगाए जाने को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।

निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि भाजपा जिस ‘चार इंजन’ वाली सरकार का ढिंढोरा पीट रही थी, उसके इंजन अब एक-दूसरे से ही टकराने लगे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता को समझ नहीं आ रहा कि भाजपा नेताओं के बीच विकास की होड़ चल रही है या फिर तस्वीर लगाने की होड़।

अंकुश नारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री के निगम कार्यक्रम में पहुंचने से पहले ही उनके चित्र का बैकड्रॉप से गायब होना भाजपा के भीतर चल रही खींचतान को उजागर करता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भाजपा के नेता एक मंच पर भी एक-दूसरे की तस्वीर लगाने को लेकर सहमत नहीं हैं, तो दिल्ली के विकास के लिए एकजुट होकर काम करने की उम्मीद जनता कैसे करे?

उन्होंने कहा कि दिल्ली को साफ-सफाई, कूड़ा प्रबंधन, टूटी सड़कों, जलभराव और जर्जर इमारतों जैसे गंभीर मुद्दों पर काम करने वाली सरकार चाहिए, न कि ऐसी राजनीति जहां सरकारी कार्यक्रमों में भी फोटो और श्रेय को लेकर खींचतान दिखाई दे।

‘फोटो की राजनीति छोड़कर दिल्ली की चिंता करें भाजपा नेता’

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि निगम के कार्यक्रम किसी व्यक्ति विशेष के प्रचार का मंच हैं या दिल्ली की जनता के लिए विकास कार्यों का माध्यम। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर चार इंजन एक-दूसरे को ही खींचने लगें तो गाड़ी आगे नहीं, सिर्फ हंगामा करती है।

अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली की जनता सब देख रही है और समय आने पर भाजपा की इस कथित अंदरूनी खींचतान का जवाब देगी।