अपने ही दलित मंडल अध्यक्ष को पाइप से पीटने के आरोप में भाजपा विधायक घिरे, अंकुश नारंग का सीधा हमला—‘दलित कार्यकर्ता का सम्मान नहीं कर सकती भाजपा, तो पूरे समाज के सम्मान की बात किस मुंह से करेगी?’
भाजपा का दलित विरोधी चेहरा फिर बेनकाब!
नई दिल्ली। दिल्ली में दलित सम्मान और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए आम आदमी पार्टी ने भाजपा विधायक गजेंद्र दलाल पर लगे कथित मारपीट के आरोपों को लेकर जोरदार हमला बोला है। निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि वोटर लिस्ट के काम को लेकर बुलाई गई बैठक में भाजपा के अपने ही मंडल अध्यक्ष सुनील के साथ कार्यालय में पाइप से मारपीट के गंभीर आरोप सामने आना भाजपा के कथित दलित-विरोधी रवैये को उजागर करता है।
अंकुश नारंग ने सवाल उठाया कि जो पार्टी अपने ही दलित कार्यकर्ता को सम्मान और सुरक्षा नहीं दे सकती, वह देश और दिल्ली के दलित समाज के सम्मान की बड़ी-बड़ी बातें कैसे कर सकती है? उन्होंने कहा कि भाजपा का असली चेहरा अब उसके नारों से नहीं, बल्कि उसके संगठन के भीतर सामने आ रहे मामलों से दिखाई दे रहा है।
‘दलितों को वोट बैंक समझना बंद करे भाजपा’
नारंग ने भाजपा नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि दलित समाज केवल चुनाव के समय याद आने वाला वोट बैंक नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी का कोई विधायक अपने ही संगठन के दलित मंडल अध्यक्ष के साथ कथित तौर पर मारपीट करता है, तो यह पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का विषय है और भाजपा नेतृत्व को जवाब देना होगा।
उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि विधायक गजेंद्र दलाल दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही दोष साबित होने पर भाजपा उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित करे।
‘अब दलितों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’
अंकुश नारंग ने कहा कि दलित समाज के सम्मान के साथ किसी भी तरह का कथित दुर्व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने भाजपा से पूछा कि क्या उसके लिए दलित कार्यकर्ताओं का सम्मान सिर्फ चुनावी भाषणों और मंचों तक सीमित है?आप नेता ने कहा कि इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा के ‘दलित सम्मान’ के दावों की पोल और खुल जाएगी।नारंग ने दो टूक कहा—दलितों को अपमानित करने वाली राजनीति अब नहीं चलेगी। अब दलितों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान।
