कड़कड़डूमा में दिनदहाड़े बरसीं गोलियां, अजमेर तक दौड़ी दिल्ली पुलिस

350 से ज्यादा CCTV कैमरों ने खोली फरारी की पूरी कहानी, शूटर अद्दू हथियारों समेत गिरफ्तार

नई दिल्ली। कड़कड़डूमा कम्युनिटी सेंटर के पास दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में सनसनी फैलाने वाले मामले में शाहदरा जिला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वारदात के बाद फरार हुए 22 वर्षीय आरोपी अद्दू को पुलिस ने दिल्ली से लेकर अजमेर तक पीछा करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने 350 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की फरारी का पूरा रूट ट्रेस किया और आखिरकार अजमेर में उसे दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके कब्जे से दो पिस्टल, टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी, मोबाइल फोन और वारदात के समय पहनी गई टी-शर्ट बरामद की गई है। पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए गए डिजिटल और फोरेंसिक साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया है। अब इन्हीं साक्ष्यों और आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस फायरिंग की असली वजह और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका खंगाल रही है।

एक महीने पुरानी रंजिश का एंगल

प्रारंभिक जांच में पुलिस को करीब एक महीने पुरानी रंजिश का एंगल मिला है। हालांकि पुलिस इस एंगल की पुष्टि के साथ-साथ गोलीबारी के पीछे की पूरी वजह और साजिश की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच का फोकस अब फरार आरोपी मुजम्बिल उर्फ साहिल तक पहुंचने के साथ उन लोगों की पहचान पर भी है, जिन्होंने आरोपियों को हथियार मुहैया कराए।

CCTV बना पुलिस का सबसे बड़ा सुराग

वारदात के बाद आरोपी के फरार होने की दिशा में पुलिस ने लगातार CCTV फुटेज खंगाली। 350 से अधिक कैमरों की फुटेज को जोड़ते हुए पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों और मूवमेंट का सिलसिलेवार पता लगाया। तकनीकी निगरानी के साथ पुलिस टीम आरोपी के पीछे-पीछे दिल्ली से अजमेर तक पहुंची और वहां कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

हथियारों के स्रोत की भी होगी पड़ताल

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों पिस्टल उसे कहां से मिलीं और फायरिंग की वारदात में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे। जांच में हथियार सप्लाई करने वालों और फरार आरोपी मुजम्बिल उर्फ साहिल की भूमिका भी अहम मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।