पूर्वी दिल्ली के औद्योगिक विकास को मिला पर्यावरण संरक्षण एवं तकनीकी सहयोग का नया आधार
झिलमिल फ्रेंड्स कॉलोनी CETP सोसायटी और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के बीच महत्वपूर्ण MOU
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के औद्योगिक क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और तकनीकी सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत झिलमिल फ्रेंड्स कॉलोनी CETP सोसायटी एवं चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के बीच समझौता ज्ञापन (MOU) किया गया। इस सहयोग का उद्देश्य CETP से जुड़े पर्यावरणीय एवं तकनीकी विषयों पर शोध, विशेषज्ञ मार्गदर्शन तथा वैज्ञानिक समाधान विकसित करना है।
इस MOU के माध्यम से CETP सोसायटी को विश्वविद्यालय की विशेषज्ञता, शोध क्षमता एवं तकनीकी ज्ञान का लाभ मिलेगा। औद्योगिक अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण तथा CETP की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने के लिए संयुक्त शोध एवं तकनीकी सहयोग की संभावनाओं पर कार्य किया जाएगा। MOU में शोध परियोजनाओं, तकनीकी क्षमता विकास, नई प्रक्रियाओं एवं प्रशिक्षण संबंधी सहयोग का प्रावधान है।
इस समझौते की विशेष बात यह है कि CETP सोसायटी पर इसके लिए किसी प्रकार का अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा। दोनों पक्ष अपनी-अपनी गतिविधियों से संबंधित खर्च अपने उपलब्ध संसाधनों से वहन करेंगे।
इस अवसर पर CETP सोसायटी के चेयरमैन डॉ. अनिल गुप्ता, प्रधान राकेश बंसल, जनरल सेक्रेटरी नरेंद्र चौवड़ा एवं कोषाध्यक्ष विनीत जैन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला, प्रो. आर. के. सोनी एवं अन्य टीम की उपस्थिति रही। MOU में प्रो. आर. के. सोनी को विश्वविद्यालय की ओर से समन्वय एवं कार्यान्वयन के लिए नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
CETP सोसायटी के पदाधिकारियों ने कहा कि यह सहयोग झिलमिल फ्रेंड्स कॉलोनी औद्योगिक क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के साथ औद्योगिक विकास को तकनीकी एवं वैज्ञानिक आधार प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
