एमसीडी का बुलडोजर एक्शन जारी, 35 ध्वस्तीकरण कार्रवाई
अनधिकृत निर्माण पर 5 संपत्तियां सील, 4 ध्वस्तीकरण आदेश जारी; 12 जोनों में निगम की सख्ती
नई दिल्ली।दिल्ली में अनधिकृत निर्माण और भवन मानदंडों के उल्लंघन के खिलाफ एमसीडी का प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। निगम ने बुधवार को राजधानी के सभी 12 जोनों में व्यापक कार्रवाई करते हुए 35 ध्वस्तीकरण कार्रवाई कीं। इसके साथ ही 5 संपत्तियों को सील किया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 4 ध्वस्तीकरण आदेश भी जारी किए गए।
एमसीडी के अनुसार, यह कार्रवाई खतरनाक भवनों, अनधिकृत निर्माण तथा दिल्ली मास्टर प्लान (एमपीडी) और भवन उपनियमों के उल्लंघन के खिलाफ की गई। निगम का कहना है कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जोनों में चिन्हित संपत्तियों की निगरानी बढ़ाई गई है और नियमों के उल्लंघन पर निर्धारित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एक दिन पहले 42 संपत्तियों पर चला था बुलडोजर
एमसीडी ने मंगलवार को भी बड़ा प्रवर्तन अभियान चलाया था। उस दिन 42 संपत्तियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण कार्रवाई और 7 संपत्तियों को सील किया गया था। लगातार दो दिनों में निगम की कार्रवाई से स्पष्ट है कि अनधिकृत निर्माण के खिलाफ प्रवर्तन अभियान को तेज किया गया है।
खड्डा कॉलोनी से करावल नगर तक कार्रवाई
बुधवार को जिन प्रमुख इलाकों में ध्वस्तीकरण कार्रवाई की गई, उनमें खड्डा कॉलोनी, पुल पहलादपुर, नंगली सकरावती, पालम, राशिद मार्केट, शकरपुर, पश्चिम विनोद नगर, शिव विहार, करावल नगर और गणेश नगर एक्सटेंशन सहित कई क्षेत्र शामिल रहे।
निगम अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निर्माण गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और एमपीडी, भवन उपनियमों तथा अन्य लागू नियमों के उल्लंघन पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
12 जोनों में अभियान रहेगा जारी
एमसीडी ने स्पष्ट किया है कि अनधिकृत निर्माण, खतरनाक भवनों और जनसुरक्षा के लिए जोखिम पैदा करने वाले निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। निगम के मुताबिक, सभी 12 जोनों में निगरानी और प्रवर्तन कार्रवाई को लगातार जारी रखा जाएगा।
