गांधी जयंती पर केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार और राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने बांटे उपकरण

वरिष्ठ नागरिक सम्मान और गरिमा के साथ जिएं, यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर। उम्र के इस पड़ाव पर जब रोजमर्रा की छोटी-छोटी जरूरतें भी चुनौती बन सकती हैं, तब सरकार की ओर से वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली-एनसीआर के वरिष्ठ नागरिक गृहों में रहने वाले 114 बुजुर्गों को 662 सहायक एवं जीवनोपयोगी उपकरण वितरित किए गए। इन उपकरणों की कुल लागत 10 लाख रुपये से अधिक है।

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार और राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने लाभार्थी वरिष्ठ नागरिकों को उपकरण वितरित किए। कार्यक्रम के जरिए सरकार ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि वरिष्ठ नागरिकों का कल्याण केवल सहायता देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें सम्मान, स्वतंत्रता और गरिमापूर्ण जीवन उपलब्ध कराना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।