दिल्ली नगर निगम के 1,500 विद्यालयों में प्रिंटर वितरण शुरू, टैगोर गार्डन में रोबोटिक्स लैब से आधुनिक शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
60 लैपटॉप वाली ‘साइंस ऑन व्हील्स’ वैन से निगम स्कूलों के विद्यार्थियों को मिलेगी डिजिटल शिक्षा की सुविधा
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए डिजिटल शिक्षा एवं वैज्ञानिक गतिविधियों का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में निगम के 1,500 विद्यालयों में प्रिंटर वितरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वहीं, टैगोर गार्डन स्थित निगम विद्यालय में रोबोटिक्स लैब का उद्घाटन किया गया है। इसके अलावा, 60 लैपटॉप से सुसज्जित ‘साइंस ऑन व्हील्स’ वैन के माध्यम से विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन, महापौर प्रवेश वाही के सहयोग और शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा एडवोकेट के नेतृत्व में निगम विद्यालयों में आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। इन पहलों का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विज्ञान, तकनीक और नवाचार से जोड़ना है।
दिल्ली नगर निगम के 1,500 विद्यालयों में प्रिंटर वितरण शुरू हो चुका है। आईडीबीआई बैंक के सहयोग से संचालित इस पहल से शिक्षकों को प्रश्नपत्र, अध्ययन सामग्री और अन्य जरूरी दस्तावेज तैयार करने में सुविधा मिलेगी। इससे विद्यालयों के शैक्षणिक कार्यों को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

टैगोर गार्डन स्थित निगम विद्यालय में स्थापित रोबोटिक्स लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को रोबोटिक्स, कोडिंग और वैज्ञानिक अवधारणाओं को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिलेगा। विद्यालय में स्थापित संग्रहालय का अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक लाभ पहुंचाने के लिए भी विशेष रणनीति बनाई जा रही है, जिससे बच्चों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और सीखने की रुचि विकसित हो सके।

‘साइंस ऑन व्हील्स’ वैन में 60 लैपटॉप उपलब्ध होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह वैन विभिन्न निगम विद्यालयों में पहुंचेगी और विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधनों के माध्यम से सीखने का अवसर देगी। इस पहल से बच्चों को तकनीक की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी और डिजिटल शिक्षा तक उनकी पहुंच बढ़ेगी।
वित्त वर्ष 2026-27 के लिए उपलब्ध जानकारी के अनुसार, विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों के कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) सहयोग से कई परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।
एनएफएल की ओर से 350 ट्री गार्ड, 100 तीन-सीटर लोहे की बेंच, नौ वाटर कूलर और नौ आरओ यूनिट के लिए 20 लाख रुपये की प्रस्तावित लागत निर्धारित की गई है। आरएफसीएल के सहयोग से 250 तीन-सीटर लोहे की बेंच लगाने के लिए 25 लाख रुपये और एचयूआरएल के सहयोग से 20 वाटर कूलर तथा 20 आरओ यूनिट के लिए 13 लाख रुपये की परियोजना प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं का क्रियान्वयन संबंधित स्वीकृतियों और निर्धारित समयसीमा के अनुसार किया जाएगा।

शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा एडवोकेट ने कहा कि दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों में पढ़ने वाले प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीक और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि निगम विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी डिजिटल शिक्षा, रोबोटिक्स, विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए।
वर्मा ने कहा कि 1,500 विद्यालयों में प्रिंटर वितरण की शुरुआत, टैगोर गार्डन में रोबोटिक्स लैब और 60 लैपटॉप वाली ‘साइंस ऑन व्हील्स’ वैन विद्यार्थियों के लिए सीखने के नए अवसर तैयार करेंगी। शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि बच्चों को तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान और अपनी प्रतिभा विकसित करने के अवसर भी मिलने चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने, विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने के लिए दिल्ली नगर निगम तथा सहयोगी संस्थाओं के साथ समन्व
य बनाकर निरंतर कार्य किया जाएगा।
