नई दिल्ली, 18 अक्टूबर। दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘चलो यमुना अभियान’ के तहत रविवार को सोनिया विहार स्थित ढाई पुस्ता पर आयोजित स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने यमुना के घाटों और तटों को स्वच्छ रखने तथा नदी के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
स्वच्छता अभियान में दिल्ली प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष कौशल मिश्रा, निगम पार्षद अनिल गौड़ सहित युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने श्रमदान कर यमुना के घाटों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
सत्या शर्मा ने कहा कि यमुना दिल्ली की जीवनरेखा होने के साथ-साथ करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र भी है। इसकी स्वच्छता और संरक्षण सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे यमुना के घाटों और तटों पर कचरा न फैलाएं तथा प्लास्टिक और पूजा सामग्री नदी में प्रवाहित करने से बचें।
उन्होंने कहा कि यमुना को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। सामूहिक प्रयासों और निरंतर जागरूकता से ही नदी के संरक्षण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है
