मुंबई के वर्ल्ड मेयर्स फोरम में महापौर प्रवेश वाही ने रखा दिल्ली का पक्ष

2047 तक भारतीय शहरों को स्वच्छ, स्वस्थ और आधुनिक बनाने पर दिया जोर, स्वच्छ भारत मिशन को बताया जन-आंदोलन

नई दिल्ली, 27 नवंबर। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने मुंबई में आयोजित तीसरे वर्ल्ड मेयर्स फोरम में राजधानी का प्रतिनिधित्व करते हुए शहरी विकास, स्वच्छता, वायु प्रदूषण और खुले में शौच की चुनौती पर अपने विचार रखे। ‘Reimagining Cities: Urban India@2047’ विषय पर आयोजित तकनीकी सत्र में उन्होंने वर्ष 2047 तक भारतीय शहरों को स्वच्छ, स्वस्थ और आधुनिक बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।

महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2 अक्टूबर 2014 को शुरू हुआ स्वच्छ भारत मिशन स्वच्छता के क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल साबित हुआ है। इसने सरकारी कार्यक्रम से आगे बढ़कर जनभागीदारी आधारित राष्ट्रीय आंदोलन का रूप लिया है। मिशन के माध्यम से खुले में शौच की समस्या से निपटने, शौचालयों की उपलब्धता बढ़ाने और महिलाओं की गरिमा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।

उन्होंने दिल्ली में वायु प्रदूषण की चुनौती का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और नगर निगम मिलकर इस दिशा में काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे के निर्माण से बाहरी वाहनों को दिल्ली के भीतर प्रवेश किए बिना वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हुए हैं। इसके अलावा मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों, वाटर स्प्रिंकलर और वायु गुणवत्ता की निगरानी के माध्यम से प्रदूषण नियंत्रण के प्रयास किए जा रहे हैं।

वाही ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत दिल्ली नगर निगम कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, घर-घर कचरा संग्रहण, वैज्ञानिक प्रसंस्करण, पुनर्चक्रण और लैंडफिल साइटों के निस्तारण पर काम कर रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली नगर निगम स्वच्छता, जनस्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा। निगम का लक्ष्य दिल्ली को स्वच्छ और स्वस्थ महानगर बनाना है।