संविधान केवल पुस्तक नहीं, भारत की सभ्यता और संस्कृति का दस्तावेज : अमित शाह
संविधान गौरव दिवस पर दिल्ली भाजपा के बुद्धिजीवी सम्मेलन में कांग्रेस पर साधा निशाना, समान नागरिक संहिता लागू करने का संकल्प दोहराया
नई दिल्ली, 26 नवंबर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि संविधान का सम्मान केवल हाथ में पुस्तक लेकर दिखाने से नहीं, बल्कि उसकी मूल भावना और मर्यादाओं का पालन करने से होता है। संविधान भारत की हजारों वर्ष पुरानी सभ्यता, संस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का दस्तावेज है। वे बुधवार को दिल्ली भाजपा द्वारा सिविक सेंटर में आयोजित संविधान गौरव दिवस बुद्धिजीवी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आपातकाल लगाकर संविधान और लोकतंत्र की हत्या करने वाली कांग्रेस आज संविधान की बात करती है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों और वंचितों तक उनके अधिकार पहुंचाकर संविधान की मूल भावना को जमीन पर उतारा है। भाजपा शासित सभी राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कुछ लोग जेब में संविधान की प्रति लेकर चलते हैं, लेकिन उसके वास्तविक अर्थ को नहीं समझते। हमारी सरकार का संकल्प 140 करोड़ देशवासियों को साथ लेकर संविधान की भावना को धरातल पर उतारना है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा रचित संविधान हमारा गौरव और प्रकाश पुंज है। उन्होंने कांग्रेस पर संविधान में अपने राजनीतिक हितों के अनुसार संशोधन करने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी को 42वें संविधान संशोधन पर सार्वजनिक मंच पर बहस की चुनौती दी।
सम्मेलन में दिल्ली भाजपा सह प्रभारी दर्शना जरदोश, सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेंद्र चांदोलिया, कमलजीत सहरावत, प्रवीन खंडेलवाल, बांसुरी स्वराज, महापौर प्रवेश वाही सहित करीब 1500 बुद्धिजीवी, अधिवक्ता, चिकित्सक, शिक्षक और विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवर शामिल हुए।
