एमसीडी स्कूलों में दाखिले के लिए अब घर बैठे ऑनलाइन पंजीकरण, क्यूआर कोड स्कैन करते ही मिलेगी प्रवेश प्रक्रिया की सुविधा
‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत निगम ने शुरू की नई व्यवस्था, दाखिले में मदद के लिए शिक्षक अभिभावकों के घर भी जाएंगे
नई दिल्ली, 25 नवंबर। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने अपने स्कूलों में बच्चों के दाखिले की प्रक्रिया को आसान और अभिभावकों के अनुकूल बनाने के लिए क्यूआर कोड आधारित ऑनलाइन प्रवेश व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत अभिभावक स्कूल के गेट या परिसर में लगाए गए क्यूआर कोड को अपने मोबाइल से स्कैन कर बच्चे का ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को निगम के स्कूलों से जोड़ना है।
एमसीडी के शिक्षा विभाग की अतिरिक्त निदेशक डॉ. सीमा शर्मा की ओर से 23 नवंबर 2026 को जारी परिपत्र के अनुसार, इस नई व्यवस्था को ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत लागू किया गया है। इसके माध्यम से अभिभावकों को दाखिले के लिए बार-बार स्कूल के चक्कर लगाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
परिपत्र में निर्देश दिया गया है कि ऑनलाइन पंजीकरण प्राप्त होने के बाद संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य एक शिक्षक को अभिभावक के घर भेजेंगे। शिक्षक अभिभावकों को आवश्यक जानकारी और सहायता उपलब्ध कराएंगे तथा बच्चे का स्कूल में नामांकन और दाखिला सुनिश्चित कराने में सहयोग करेंगे।
मुख्यालय स्तर पर क्यूआर कोड के माध्यम से प्राप्त पंजीकरण का विवरण संबंधित जोन के उप शिक्षा निदेशक (डीडीई), सहायक शिक्षा अधिकारी (एईओ) और जोनल आईटी शिक्षक के साथ साझा किया जाएगा। इससे दाखिले की प्रक्रिया पर समन्वित निगरानी रखी जा सकेगी और लंबित मामलों में तेजी से कार्रवाई हो सकेगी।
शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल प्रमुखों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक निगम स्कूल के मुख्य द्वार और परिसर में क्यूआर कोड प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक अभिभावक इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
एमसीडी की यह पहल निगम स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुलभ और अभिभावक-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
