नई दिल्ली। कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश इस समय गंभीर आर्थिक चुनौतियों से गुजर रहा है, लेकिन सरकार जनता की परेशानियों से आंखें मूंदे बैठी है।
नाज़िया दानिश ने कहा कि देश का किसान कर्ज और बढ़ती लागत से परेशान है, युवा बेरोज़गारी की मार झेल रहे हैं, महिलाएं महंगाई से त्रस्त हैं और छोटे व्यापारी लगातार आर्थिक दबाव में टूट रहे हैं। इसके बावजूद प्रधानमंत्री विदेश दौरों और सोशल मीडिया प्रचार में व्यस्त दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने कहा, “देश आर्थिक तूफ़ान का सामना कर रहा है और प्रधानमंत्री इटली में टॉफ़ी बांटकर रील बना रहे हैं। भाजपा नेता इसे उपलब्धि बताकर ताली बजा रहे हैं, जबकि आम जनता अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। यह नेतृत्व नहीं, बल्कि नौटंकी है।”
कांग्रेस नेत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार असली मुद्दों — महंगाई, बेरोज़गारी, किसानों की समस्याएं और गिरती अर्थव्यवस्था — से ध्यान भटकाने के लिए इवेंट आधारित राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब सिर्फ भाषण और प्रचार नहीं, बल्कि ज़मीनी काम और राहत चाहती है।
नाज़िया दानिश ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दे और आर्थिक हालात सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए।
