बढ़ते जल संकट और भीषण गर्मी को लेकर कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने भाजपा सरकार और आम आदमी पार्टी दोनों पर निशाना साधा

नई दिल्ली में बढ़ते जल संकट और भीषण गर्मी को लेकर कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने भाजपा सरकार और आम आदमी पार्टी दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि राजधानी की जनता पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान है, लेकिन सरकारें सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में व्यस्त हैं।

भीषण गर्मी में जल संकट पर कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने भाजपा और आप सरकार को घेरा

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच गहराते जल संकट को लेकर कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने भाजपा सरकार और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग पानी के लिए घंटों टैंकरों का इंतजार कर रहे हैं और एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पूरी तरह चुप्पी साधे हुए हैं। वहीं आम आदमी पार्टी का मटका प्रदर्शन जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ साबित हो रहा है।

नाज़िया दानिश ने कहा कि दिल्ली की जनता की समस्याओं को हल करने के बजाय भाजपा और आम आदमी पार्टी फिर से एक-दूसरे पर आरोप लगाने की राजनीति कर रही हैं। पिछले 11 वर्षों से चली आ रही यह नूरा कुश्ती आज भी जारी है। सत्ता जरूर बदल गई, लेकिन जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है।

उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से पर्याप्त पानी के टैंकर उपलब्ध न कराने के कारण लोगों में भारी नाराज़गी है। दिल्ली के कई इलाकों में लोग सुबह से देर रात तक पानी का इंतजार कर रहे हैं, जबकि भीषण गर्मी में पानी सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है।

कांग्रेस नेत्री ने कहा कि वजीराबाद में यमुना का जलस्तर लगातार गिरना सरकार की विफलता का प्रमाण है। वजीराबाद और चंद्रावल जल संयंत्र क्षमता से कम पानी का उत्पादन कर रहे हैं, जिसके कारण नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, उत्तरी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों में जल संकट गहरा गया है।

नाज़िया दानिश ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार के दौरान भी जल संकट और टैंकर माफिया का मुद्दा लगातार बना रहा। हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद दिल्ली की जनता को राहत नहीं मिली। उन्होंने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड के बजट में हर साल बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात जस के तस बने हुए हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की आबादी लगातार बढ़ रही है, लेकिन पानी की उपलब्धता उसी अनुपात में नहीं बढ़ाई गई। कांग्रेस सरकार के समय जो जल उत्पादन क्षमता थी, उसमें पिछले कई वर्षों में बेहद मामूली बढ़ोतरी हुई है। इसका खामियाजा आज आम जनता भुगत रही है।

नाज़िया दानिश ने मांग की कि दिल्ली सरकार तुरंत हरियाणा सरकार से बातचीत कर अतिरिक्त पानी की व्यवस्था करे और जल संकट से जूझ रही जनता को राहत दिलाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस सड़क से लेकर सचिवालय तक जनता की आवाज बुलंद करेगी।