नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बढ़ते जल संकट को लेकर दिल्ली नगर निगम में विपक्ष के नेता अंकुश नारंग ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के कई इलाकों में पानी को लेकर गंभीर स्थिति बनी हुई है और लोग पीने के पानी के लिए परेशान हैं, लेकिन जिम्मेदार मंत्री जनता के बीच दिखाई नहीं दे रहे हैं।
अंकुश नारंग ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच दिल्ली के अनेक परिवार पानी की कमी से जूझ रहे हैं। कई क्षेत्रों में लोगों को घंटों तक पानी के टैंकरों का इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि कुछ स्थानों पर पर्याप्त और साफ पानी भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि राजधानी में पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है, लेकिन सरकार समस्या के समाधान के बजाय केवल प्रचार में व्यस्त है।
उन्होंने भाजपा की “चार इंजन सरकार” पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र, दिल्ली और नगर निगम में सत्ता होने के बावजूद दिल्लीवासियों को मूलभूत सुविधा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। नारंग ने कहा कि जनता को वादों और विज्ञापनों की नहीं, बल्कि घर-घर पर्याप्त और स्वच्छ पानी की आवश्यकता है।
विपक्ष के नेता ने मांग की कि सरकार तत्काल जल संकट प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराए, पानी की आपूर्ति बढ़ाए और प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए विशेष कार्ययोजना लागू करे। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता जवाब चाहती है कि जल संकट से जूझ रहे लोगों की सुध लेने आखिर कौन जाएगा।
अंकुश नारंग ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जल संकट का समाधान नहीं किया गया तो विपक्ष जनता के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन चलाने पर मजबूर होगा।
