मुकुंदपुर हादसे पर कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने दिल्ली सरकार को घेरा

नई दिल्ली। मुकुंदपुर के ईशु विहार में अवैध गैस रिफिलिंग और गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी के चलते हुए दर्दनाक हादसे को लेकर कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने दिल्ली सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रशासनिक लापरवाही और निगरानी तंत्र की विफलता का परिणाम है, जिसकी कीमत आम लोगों को चुकानी पड़ रही है।

नाज़िया दानिश ने कहा कि स्थानीय निवासियों द्वारा लंबे समय से क्षेत्र में चल रही अवैध गैस रिफिलिंग की शिकायतें संबंधित विभागों और अधिकारियों तक पहुंचाई जाती रही थीं, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। यदि शिकायतों को गंभीरता से लिया जाता तो इस हादसे को रोका जा सकता था।

उन्होंने कहा कि हादसे के बाद इमारत का ढह जाना और मौके से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडरों का बरामद होना यह दर्शाता है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियां खुलेआम संचालित हो रही थीं। यह स्थिति प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है।

कांग्रेस नेत्री ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और हर संभव सहायता प्रदान की जाए।

नाज़िया दानिश ने कहा कि दिल्ली की जनता सुरक्षित जीवन और जवाबदेह शासन की हकदार है। सरकार को राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए।