मुकंदपुर में सिलेंडर विस्फोट के बाद इमारत ढही

नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुकंदपुर इलाके में मंगलवार को सिलेंडर विस्फोट के बाद करीब 200 गज में बनी एक इमारत अचानक धराशायी हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, भवन में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का गोदाम संचालित किया जा रहा था, जिसकी शिकायत कई बार प्रशासन से की गई थी, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान अब तक छह लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है। सभी घायल बताए जा रहे हैं और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी हालत स्थिर है तथा वे खतरे से बाहर हैं।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव दल लगातार मलबा हटाने के कार्य में जुटा हुआ है। अधिकारियों को आशंका है कि अभी भी कुछ लोग मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं, जिसके चलते सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है।

पूरे क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से घेर लिया गया है और पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अवैध गैस भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।