भाजपा सरकार ने 100 दिनों में जनहित के कई महत्वपूर्ण फैसले लिए, दिल्लीवासियों को मिला सीधा लाभ : जय भगवान यादव
नई दिल्ली, 2 जून ।नेता सदन जय भगवान यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता संभालने के बाद से ही दिल्ली के विकास और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं, जिनका लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित योजनाओं और जनहित के कार्यों को रिकॉर्ड समय में आगे बढ़ाकर सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता साबित की है।
जय भगवान यादव ने बताया कि दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना लागू कर लाखों परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की सुरक्षा प्रदान की गई है। वहीं, लंबे समय से रुकी हुई राशन कार्ड निर्माण प्रक्रिया को पुनः शुरू कर पात्र परिवारों को राहत पहुंचाई गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 36 घंटे के भीतर नया बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू की है। साथ ही विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) भुगतान को तेज़ और पारदर्शी बनाया गया है, जिससे लाभार्थियों को समय पर सहायता मिल रही है।
जय भगवान यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहन (EV) सब्सिडी को बहाल किया है। इसके अतिरिक्त दिल्ली और पड़ोसी राज्यों के बीच आवागमन को सुगम बनाने के लिए इंटरस्टेट बस सेवाओं का विस्तार किया गया है, जिससे प्रतिदिन लाखों यात्रियों को सुविधा मिल रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर परिणाम देने में विश्वास रखती है। सरकार का लक्ष्य दिल्ली को बेहतर स्वास्थ्य, सशक्त बुनियादी ढांचे, पारदर्शी प्रशासन और आधुनिक सुविधाओं से युक्त राजधानी बनाना है।
जय भगवान यादव ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली विकास, सुशासन और जनसेवा के नए आयाम स्थापित करेगी तथा आने वाले समय में जनता को और भी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ मिलेगा।
