विश्व पर्यावरण दिवस पर भाजपा का ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान, दिल्ली के 256 मंडलों में वृक्षारोपण

नई दिल्ली, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के सभी 256 मंडलों में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यक्रमों में भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के नेताओं, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

नई दिल्ली के नेहरू पार्क में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पौधारोपण किया। इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सांसद बाँसुरी स्वराज, मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, सदस्य दिनेश प्रताप सिंह एवं सरिता तोमर तथा राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी उपस्थित रहे।

वहीं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा दक्षिण दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मैदानगढ़ी में वृक्षारोपण किया।

पूर्वी दिल्ली के सैनी एन्क्लेव स्थित डीडीए पार्क में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने ‘चाइना डोल’ का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शाहदरा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा भी उपस्थित रहे।

अभियान के तहत दिल्ली भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने मयूर विहार फेज-1 में आम के पौधे लगाए। प्रदेश महामंत्री एवं सांसद योगेन्द्र चांदोलिया ने रोहिणी सेक्टर-14 में अमलतास का वृक्ष लगाया। चांदनी चौक के सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने प्रदेश भाजपा के सह कार्यालय मंत्री अमित गुप्ता की उपस्थिति में शास्त्री पार्क में आम के पौधे रोपे।

दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने मालवीय नगर में अशोक और नीम के पौधे लगाए। राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने देशबंधु पार्क में फाइकस पांडा का पौधारोपण किया। वहीं भाजपा महामंत्री विष्णु मित्तल ने स्थानीय निगम पार्षद सुमन कुमार गुप्ता के साथ पीपल के वृक्ष लगाए।

इस अवसर पर हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान मातृत्व के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को जोड़ने वाला प्रेरणादायी प्रयास है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाले वर्षों में करोड़ों नए वृक्ष खड़े होंगे और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा।

उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और आवासीय कल्याण संघों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे जन आंदोलन बनाकर वर्षभर प्रकृति संरक्षण के कार्यों में भागीदारी निभाएं।