मालवीय नगर-साकेत हादसे के लिए भाजपा की दिल्ली सरकार और एमसीडी जिम्मेदार, सीएम-मेयर इस्तीफा दें- अंकुश नारंग

नई दिल्ली, 05 जून ।आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने मालवीय नगर अग्निकांड और साकेत में बिल्डिंग गिरने के लिए भाजपा की दिल्ली सरकार और एमसीडी को जिम्मेदार बताया बताते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मेयर प्रवेश वाही से इस्तीफा मांगा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और मेयर अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकते। अगर उनमें जरा भी नैतिकता बची है तो तत्काल पद छोड़ दें। ‘‘आप’’ ने गोवा नाइट क्लब अग्निकांड के बाद जब चेताया था, तभी भाजपा जाग जाती तो ये हादसे रोके जा सकते थे। भाजपा के चुनिंदा नेताओं-अधिकारियों के भ्रष्टाचार के चलते दिल्ली में कहीं बिल्डिंग गिर रही है तो कहीं आग लग रही है। अब तो दिल्ली की जनता भी कहने लगी है, लोगों की मौत की कीमत पर जेब भरने वाले भाजपाई कुछ तो शर्म करो।

 

“आप” के वरिष्ठ नेता व एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली के मालवीय नगर में एक बिल्डिंग के अंदर भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई और 40 से अधिक लोग घायल हो गए। यह एक बहुत बड़ी और दुखद दुर्घटना है। यह दुर्घटना सिर्फ और सिर्फ भाजपा की चार इंजन वाली सरकार की लापरवाही के कारण हुई है और आज भाजपा अपनी इस जिम्मेदारी से भाग नहीं सकती।

 

अंकुश नारंग ने कहा कि मैंने पिछले साल 9 दिसंबर को एमसीडी कमिश्नर और महापौर को एक पत्र लिखा था। उस पत्र में मैंने गोवा में हुए हादसे का जिक्र किया था जिसमें 16 लोगों की मौत हुई थी और मांग की थी कि दिल्ली के सभी रेस्टोरेंट, होम स्टे और होटलों की एनओसी चेक की जाए तथा उनका फायर सेफ्टी ऑडिट किया जाए। इस पत्र में भाजपा सरकार को साफ चेतावनी दी गई थी कि वे एक बार दोबारा से सभी ऑडिट कर ले। लेकिन भाजपा के कान पर जूं तक नहीं रेंगी।

 

अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा को शर्म आनी चाहिए। मालवीय नगर में विधायक भाजपा का है, निगम पार्षद भाजपा का है, दिल्ली में मुख्यमंत्री भाजपा की हैं और देश में प्रधानमंत्री भी भाजपा का हैं। इस तरह चार इंजन वाली सरकार होने के बावजूद दिल्ली में यह दर्दनाक हादसा हुआ जो बेहद शर्म की बात है। इस मामले में अभी तक कोई तफ्तीश नहीं हुई है। घटनास्थल से फायर स्टेशन मात्र 4 मिनट की दूरी पर था और सुबह 8ः00 बजे ही कॉल कर दी गई थी, लेकिन फायर ब्रिगेड 9 बजे के बाद पहुंची। इसमें दोषी वह फायर स्टेशन, वे फायर गार्ड और फायर इंस्पेक्टर हैं जो सीधे भाजपा को रिपोर्ट करते हैं।

 

अंकुश नारंग ने कहा कि मोदी जी विभिन्न देशों में जाकर कहते हैं कि वे हिंदुस्तान की प्रतिष्ठा बढ़ा रहे हैं और देश की छवि बेहतर कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर दिल्ली में मारे गए 21 लोगों में से 18 विदेशी नागरिक थे, जो भाजपा के चुनिंदा नेताओं और अधिकारियों के भ्रष्टाचार की वजह से आग में जलकर बिल्डिंग से नीचे गिरते हुए नजर आए। भाजपाइयों को शर्म करनी चाहिए जो लोगों की मौत की कीमत पर अपनी जेबें भर रहे हैं। एमसीडी को दिल्ली या देश के किसी भी नागरिक की जिंदगी के साथ खिलवाड़ करने का कोई अधिकार नहीं है।

 

अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा को शर्म आनी चाहिए और इस पूरी घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और एमसीडी के मेयर को तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। दिल्ली में कभी इमारत गिरने से लोग मर रहे हैं तो कभी आग लगने से लोगों की जान जा रही है। न कोई इमारतों की चेकिंग करता है और न ही कोई रेस्टोरेंट का ऑडिट करने जाता है। भाजपा सत्ता में सिर्फ अपनी जेब भरने और भ्रष्टाचार करने के लिए बैठी है। चार इंजन वाली सरकार होने के बावजूद आज दिल्लीवासी मलबे में दबकर और आग में जलकर मर रहे हैं, लेकिन उनकी नैतिक जिम्मेदारी लेने वाला कोई नहीं है।