नई दिल्ली, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिल्ली नगर निगम मुख्यालय में महापौर प्रवेश वाही की अध्यक्षता में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप महापौर डॉ. मोनिका पंत, स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, नेता सदन जय भगवान यादव तथा आयुक्त संजीव खिरवार मौजूद रहे।बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एसडब्ल्यूएम) नियमों और सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्रोत स्तर पर कचरे के पृथक्करण, स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन और 5 से 12 जून तक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान अपशिष्ट प्रबंधन स्थलों के नियमित निरीक्षण, घरेलू कम्पोस्टिंग को बढ़ावा देने, वृक्षारोपण गतिविधियों के विस्तार तथा पर्यावरण संरक्षण में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। निगम अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ और हरित दिल्ली के निर्माण के लिए जनसहयोग को और मजबूत किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रहा है तथा राजधानी को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।
