भलस्वा लैंडफिल साइट का निरीक्षण, कूड़े के पहाड़ खत्म करने के लिए तेज होंगे प्रयास: जय भगवान यादव

नई दिल्ली, 6 जून। दिल्ली नगर निगम के नेता सदन एवं स्थायी समिति सदस्य जय भगवान यादव ने आज भलस्वा लैंडफिल साइट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नरेला ज़ोन के सभी संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ कूड़े के पहाड़ को समाप्त करने के लिए चल रहे कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान बायो-माइनिंग कार्यों की प्रगति, स्वच्छता व्यवस्था तथा लैंडफिल साइट पर कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए किए जा रहे प्रयासों का जायजा लिया गया। अधिकारियों को कार्यों में और तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर नेता सदन एवं स्थायी समिति सदस्य जय भगवान यादव, नरेला ज़ोन की डिप्टी चेयरमैन जनता देवी, अलीपुर वार्ड से निगम पार्षद योगेश राणा तथा पूठ खुर्द वार्ड-29 से निगम पार्षद अंजू देवी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

जय भगवान यादव ने कहा कि दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों से मुक्त करना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि निगम स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त दिल्ली के संकल्प को साकार करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है और भलस्वा, गाजीपुर तथा ओखला लैंडफिल साइटों पर कचरे के निस्तारण का काम युद्धस्तर पर जारी है।

उन्होंने कहा, “कूड़े के पहाड़ होंगे समाप्त, स्वच्छ दिल्ली बनेगी हमारी पहचान।”

उन्होंने विश्वास जताया कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के संयुक्त प्रयासों से दिल्ली को स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल राजधानी बनाने का लक्ष्य जल्द ही हासिल किया जाएगा।