नेता सदन जय भगवान यादव का बाजीतपुर ठाकरान में भव्य स्वागत, क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
दिल्ली नगर निगम के नेता सदन जय भगवान यादव का वार्ड संख्या-31, नांगल ठाकरान के अंतर्गत ग्राम बाजीतपुर ठाकरान में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ वार्ड के पार्षद पति दीपक डबास भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में ग्राम बाजीतपुर ठाकरान की सरदारी एवं ग्रामीणों ने जय भगवान यादव को दिल्ली नगर निगम में नेता सदन बनने पर पगड़ी बांधकर, पुष्पमालाएं पहनाकर तथा सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों द्वारा मिले इस स्नेह और सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जय भगवान यादव ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और जनसेवा उनका संकल्प है।
समारोह के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और जनहित के मुद्दों को नेता सदन के समक्ष रखा। जय भगवान यादव ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर इनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है और क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और स्थानीय गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
