कांग्रेस ने गरीबों को दिया सम्मानजनक आवास, भाजपा-आप ने नहीं किया फ्लैटों का आवंटन: नाज़िया दानिश
नई दिल्ली।कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हमेशा गरीबों के हितों को प्राथमिकता दी और उन्हें सिर पर छत उपलब्ध कराकर सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर दिया। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में कांग्रेस के 15 वर्षों के शासनकाल के दौरान लोगों को कभी पानी की ऐसी गंभीर समस्या का सामना नहीं करना पड़ा।
दानिश ने कहा कि कांग्रेस ने झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों के लिए इन-सीटू पुनर्वास की नीति के तहत उसी स्थान पर पक्के और बेहतर फ्लैट बनाने की शुरुआत की थी। साथ ही, अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित कर लाखों लोगों को कानूनी पहचान और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली आम आदमी पार्टी सरकार और वर्तमान भाजपा सरकार ने कांग्रेस शासनकाल में गरीबों के लिए बनाए गए फ्लैटों का आवंटन करने में कोई रुचि नहीं दिखाई। उनके अनुसार, इन सरकारों ने गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के बजाय उन्हें दिल्ली से बाहर करने की योजनाओं पर काम किया और उनकी मजबूरियों पर राजनीति की।
नाज़िया दानिश ने कहा कि कांग्रेस की सोच हमेशा गरीबों को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन देने की रही है, जबकि वर्तमान और पूर्ववर्ती सरकारें इस दिशा में गंभीरता नहीं दिखा सकीं।
