नई दिल्ली।सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एमसीडी के नेता सदन जय भगवान यादव ने कैलाश विहार, पंसाली (बी-ब्लॉक) में स्वच्छता अभियान एवं क्षेत्रीय निरीक्षण कार्यक्रम में भाग लेकर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय निवासियों और एमसीडी अधिकारियों के साथ क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया गया।
अभियान में शहरी केंद्र प्रमुख सोने लाल, मंडल महामंत्री राजेश चौधरी, अजय सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने मिलकर स्वच्छता का संदेश दिया और स्थानीय लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान जय भगवान यादव ने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, जल निकासी, सार्वजनिक सुविधाओं तथा अन्य स्थानीय समस्याओं का अवलोकन किया। उन्होंने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जय भगवान यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित 12 वर्षों में देश के विकास को नई दिशा दी है। गरीबों के कल्याण, महिलाओं के सशक्तिकरण, डिजिटल क्रांति, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
उन्होंने कहा कि इन्हीं जनसेवा के मूल्यों से प्रेरित होकर भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करने तथा क्षेत्रीय विकास को गति देने का कार्य कर रहे हैं। स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना एमसीडी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
जय भगवान यादव ने कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ, सुंदर और विकसित दिल्ली का निर्माण संभव है। एमसीडी और भाजपा कार्यकर्ता जनता के सहयोग से क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने भी क्षेत्र में चल रहे स्वच्छता एवं विकास कार्यों की सराहना करते हुए समस्याओं के समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों का स्वागत किया।
“सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प के साथ विकसित भारत और विकसित दिल्ली के निर्माण का अभियान निरंतर जारी है।
