​दिल्ली में बढ़ती पानी की किल्लत पर रेखा सरकार का मास्टर स्ट्रोक, ‘डैमेज कंट्रोल’ के लिए सज्जन सिंह यादव को सौंपी DJB की कमान

नई दिल्ली 
दिल्ली में गहराते जल संकट और यमुना प्रदूषण को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच दिल्ली सरकार ने एक बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है।

1995 बैच के AGMUT (अंडमान-निकोबार, गोवा, मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश) कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सज्जन सिंह यादव को दिल्ली जल बोर्ड (DJB) का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है।

 

​जानकारी मिल रही है कि लगातार बढ़ रही पानी की किल्लत को लेकर विपक्ष इस समय सरकार पर बेहद आक्रामक है। ऐसे में सियासी नुकसान से बचने और ‘डैमेज कंट्रोल’ के लिए सज्जन सिंह यादव को वापस दिल्ली लाया गया है।

सज्जन सिंह यादव इससे पहले केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर तैनात थे। लेकिन दिल्ली की मौजूदा स्थिति को देखते हुए दिल्ली सरकार ने उन्हें वापस बुलाने का फैसला किया।

बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब सज्जन सिंह यादव दिल्ली जल बोर्ड की कमान संभालेंगे। इससे पहले भी वह DJB के CEO के तौर पर काम कर चुके हैं। दिल्ली की पानी की व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और यहाँ की भौगोलिक चुनौतियों से वह बखूबी वाकिफ हैं। उनके इसी पुराने अनुभव को देखते हुए सरकार ने इस संकट काल में उन पर भरोसा जताया है।

साथ ही यमुना नदी को प्रदूषण मुक्त बनाना दिल्ली की रेखा सरकार के लिए हमेशा से एक बड़ी और पेचीदा चुनौती रहा है। केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच समन्वय बिठाकर यमुना सफाई अभियान में तेजी लाना यादव के लिए एक अग्निपरीक्षा साबित होगा।
​राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सज्जन सिंह यादव की नियुक्ति से सरकार यह संदेश देना चाहती है कि वह जल संकट को लेकर गंभीर है। अब देखना यह होगा कि यादव अपनी इस दूसरी पारी में दिल्ली की जनता को पानी की किल्लत से कितनी जल्दी राहत दिला पाते हैं।